नारायणपुर: ओरछा SDM के खिलाफ सीपीआई का बड़ा प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
रैली की अनुमति नहीं मिलने पर प्रदर्शन

नारायणपुर: बस्तर संभाग के वनांचल जिले नारायणपुर में शुक्रवार को सीपीआई ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया है. ओरछा ब्लॉक की विभिन्न मांगों को लेकर ओरछा में प्रस्तावित रैली और सभा की अनुमति नहीं मिलने से नाराज CPI कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया है. बड़ी संख्या में नारायणपुर पहुंचे सीपीआई कार्यकर्ता ओरछा के SDM सुमित गर्ग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की.प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा.
जानकारी के अनुसार CPI द्वारा ओरछा ब्लॉक मुख्यालय में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शांतिपूर्ण रैली और सभा आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी. पार्टी नेताओं का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दी गई, जिससे कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका. इसके अलावा मजदूर दिवस के अवसर पर प्रस्तावित सभा और रैली के लिए भी अनुमति नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई.
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को हजारों की संख्या में CPI कार्यकर्ता, ग्रामीण और समर्थक नारायणपुर जिला मुख्यालय के बाजार चौक पर जमा हुआ. धरना स्थल पर लाल झंडों के साथ “लाल सलाम” और “SDM हटाओ” के नारे लगातार गूंजते रहे. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ओरछा ब्लॉक क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है.
CPI के राष्ट्रीय परिषद के सह सचिव फूल सिंह कचलाम ने प्रशासनिक अमले पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ओरछा ब्लॉक के अधिकांश गांवों में न तो सचिव नियमित रूप से पहुंचते हैं और न ही SDM ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने जाते हैं. ओरछा के SDM सुमित गर्ग सप्ताह में केवल बुधवार को ही ब्लॉक मुख्यालय पहुंचते हैं और बाकी समय जिला मुख्यालय में रहते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
CPI द्वारा लगातार लोकतांत्रिक तरीके से अनुमति मांगी गई, लेकिन प्रशासन ने उन्हें गुमराह किया और अंतिम समय तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. यह रवैया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. ग्रामीणों को गुमराह करने वाले SDM के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. उन्हें एसडीएम के प्रभार से हटाया जाए- फूल सिंह कचलाम, सह सचिव, सीपीआई
धरना प्रदर्शन के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने बाजार चौक से रैली निकाली. हाथों में लाल झंडे लिए कार्यकर्ता नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने एक स्वर में SDM को हटाने की मांग दोहराई. इस प्रदर्शन पर एसडीएम सुमित गर्ग से ईटीवी भारत ने बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.
नारायणपुर में CPI का यह प्रदर्शन प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्थानीय समस्याओं का समाधन नहीं करने से और बढ़ता जा रहा है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की मांग पर क्या कदम उठाती है.



