जनमन योजना की सड़कें 3 महीने में ही उखड़ी! सरपंच ने आरोप लगाया कि दो दिन की बारिश से सड़कों के निर्माण कार्य की पोल खुल गई है.
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने दिया जांच का आदेश

एमसीबी: केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत जनमन योजना के जरिए करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क निर्माण करा रही हैं. जिले में इस योजना के तहत करीब 200 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनमें कई का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि कई निर्माणाधीन हैं लेकिन बंजी ग्राम पंचायत में बनी नई सड़कें निर्माण के महज तीन महीने बाद ही सवालों के घेरे में आ गई हैं.
बारिश से सड़कों की खुली पोल
ग्राम पंचायत बंजी के दक्षिणपारा और बैगापारा में जनमन योजना के तहत निर्मित सड़कें पहली ही बारिश में अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं. ग्राम पंचायत बंजी के सरपंच देव कुमार और ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई और अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से घटिया निर्माण किया गया. यही वजह है कि सड़कों पर जगह-जगह मोटी दरारें उभर आई हैं और कई हिस्सों में सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है.
रिटेनिंग वॉल भी धंसे
ग्रामीणों का कहना है कि महज दो दिन की बारिश ने निर्माण कार्य की वास्तविकता उजागर कर दी. सड़क किनारे बनाई गई कुछ रिटेनिंग वॉल भी धराशायी हो चुकी हैं. इसके अलावा सड़क के किनारों से मुरूम और मिट्टी बहकर खेतों में पहुंच रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और बरसात के मौसम में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप (ETV Bharat Chhattisgarh)
मुरुम के ऊपर काफी पतली लेयर ठेकेदार ने बिछाई है. 21 किलोमीटर सड़क में जगह जगह कहीं रिटर्निंग वॉल धंस गया है, दो दिन की बारिश में सड़क पर बड़ी बड़ी दरारें पड़ गई है. जहां पुलिया बनना चाहिए वहां ना बनाकर समतल जगह पर बना दिया गया है
-देव कुमार, सरपंच, ग्राम पंचायत बंजी
सड़क निर्माण बेहद घटिया तरीके से किया गया
– रामदीन, ग्रामीण
कलेक्टर ने दिया जांच का आदेश
जब इस संबंध में पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. वहीं एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने मीडिया से मामले की जानकारी मिलने और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.



