छत्तीसगढ़

धमतरी के सत्यांशु का स्वीडन में जलवा, स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप में भारत को दिलाया ब्रॉन्ज

तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने फिनलैंड को 2-1 से हराकर मेडल अपने नाम किया.

धमतरी: समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायता प्राप्त सार्थक स्कूल के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप ने प्रदेश का नाम रोशन किया. सत्यांशु दीप ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को गौरवान्वित किया. स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे सत्यांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) दिलाने में अहम भूमिका निभाई. तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने फिनलैंड को 2-1 से हराकर मेडल अपने नाम किया.

धमतरी के सत्यांशु का स्वीडन में जलवा
सत्यांशु की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से धमतरी, छत्तीसगढ़ और पूरे देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है. उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि दिव्यांगता कभी भी प्रतिभा और हौसले की राह में बाधा नहीं बन सकती. इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि किसी विशेष खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है.

सत्यांशु ने अनुशासन, कठिन परिश्रम और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास मिलने पर विशेष बच्चे भी विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं. शासन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां समाज में सकारात्मक सोच और समावेशी विकास की भावना को मजबूत करती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि सत्यांशु भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में धमतरी, छत्तीसगढ़ और भारत का नाम रोशन करते रहेंगे: अबिनाश मिश्रा, कलेक्टर, धमतरी

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
कलेक्टर ने सत्यांशु दीप, उनके माता-पिता, परिवार, प्रशिक्षकों, सार्थक स्कूल, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ तथा भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सत्यांशु की सफलता जिले के अन्य दिव्यांग बच्चों और युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी.

समाज कल्याण विभाग ने की तारीफ
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक डॉ. मनीषा पांडे ने भी सत्यांशु को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के विशेष बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने बताया कि स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन, सार्थक स्कूल के नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों की मेहनत और परिवार के सहयोग से सत्यांशु ने यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.

लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं सत्यांशु
सत्यांशु दीप इससे पहले राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, रोहतक (हरियाणा) में देश के 23 राज्यों के 500 से अधिक खिलाड़ियों के बीच लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीत चुके हैं. उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर ही भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में चयन हुआ और अब स्वीडन में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाकर उन्होंने धमतरी को वैश्विक पहचान दिलाई है.

Related Articles

Back to top button