

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर : भरतपुर के वनांचल क्षेत्र में प्राथमिक पाठशाला मेहदौली के शिक्षक ने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने का काम किया है. शिक्षक का नाम त्रिभुवन सिंह है,जो अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं.इस दौरान वो नशे की हालत में ही बच्चों को पढ़ाते हैं. आलम ये है कि शिक्षक शराब के नशे में बच्चों की कक्षाएं लेते हैं, यही नहीं यदि कोई अभिभावक स्कूल आता है तो शिक्षक नशे की हालत में ही उनसे मुलाकात करता है. लेकिन शिक्षक पर कार्रवाई न होना मॉनिटरिंग की कमी को दर्शाता है.
जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंचकर शराबी शिक्षक से बात करनी चाही तो वो बिदक गए. वो अपनी हरकतों को छिपाने के चक्कर में खुद ही अपने शराब पीकर आने का सबूत देने लगे. ना तो उनसे ठीक से चलते बन रहा था,ना ही वो बच्चों को ठीक से संभाल पाते थे. बच्चे भी ताला लगे क्लास रूम के बाहर धूप में समय काटते दिख रहे थे.इस दौरान पूर्व जनपद सदस्य ने कहा कि त्रिभुवन सिंह की हरकतों को पूरा गांव जानता है.अफसरों को भी पता है कि शिक्षक किस तरह से पढ़ाता है,लेकिन कोई भी आवाज नहीं उठाता.
ऐसे शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा देना चाहिए.क्योंकि शराबी शिक्षक के कारण बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है- लाल बैगा, पूर्व जनपद सदस्य
ग्राम पंचायत सचिव की माने तो त्रिभुवन सिंह की पोस्टिंग इससे पहले दूसरे विद्यालयों में थी.वहां पर भी यही हाल रहा है.लेकिन समझ में नहीं आता कि शासन शराबी शिक्षकों पर कार्रवाई क्यों नहीं करता.
त्रिभुवन सर शराब पीकर आते हैं,लेकिन जब शासन ही ऐसे शिक्षकों की भर्ती करता है तो हम क्या करें. पहले भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत हो चुकी है,लेकिन कुछ नहीं होता.बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है.ऐसे तो रोज पीकर नहीं आते, बच्चों को पढ़ाई करवाते हैं.लेकिन कभी कभी एकदम मस्त होकर आते हैं- महेश मिश्रा, सचिव
जिम्मेदारों को सब पता लेकिन आंख है बंद
पंचायत सचिव महेश मिश्रा की माने तो शराब के नशे में शिक्षक कई बार बच्चों को मारते हैं.लेकिन ये जानते हुए भी कि शिक्षक की हरकत गैर जिम्मेदाराना है,वो कुछ नहीं करते.ऐसे में सवाल उन पर भी उठते हैं कि आखिर क्यों जिम्मेदार अधिकारियों तक शिक्षक की हरकतें नहीं पहुंचाई जाती. वहीं ग्राम पंचायत मेहदौली की सरपंच नीलू सिंह ने शराबी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है.
हम विद्यालय में शराबी शिक्षक को नहीं चाहते हैं.इससे बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है.हम चाहते हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले में कड़ी कार्रवाई करे- नीलू सिंह, सरपंच
इधक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों से हमने पूछा कि जो सर नशे की हालत में है क्या वो रोज इसी तरह से रहते हैं तो छात्रा ने भी शराबी शिक्षक की सारी बात कैमरे के सामने बताई.
सर का नाम त्रिभुवन सिंह है. वो मारते भी हैं और शराब पीकर आते – वंदना, छात्रा
शराबी शिक्षक के बारे में जब हमने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी तो उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
जांच में पाया गया है कि शिक्षक विद्यालय में दारू पीकर आया हुआ था, जिसे उन्होंने जांच रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दिया है- रामकरण तिवारी,संकुल केंद्र मड़ीसरई सी.ए.सी.
त्रिभुवन सिंह पर कार्रवाई होगी या नहीं ये आने वाले समय में पता लग ही जाएगा.लेकिन यदि एक बार फिर कड़ी कार्रवाई के बदले सिर्फ मामले में लीपापोती की गई तो ना त्रिभुवन सिंह पर कोई फर्क पड़ेगा और ना ही त्रिभुवन जैसे शिक्षकों पर.क्योंकि सभी को पता है कि चाहे जो कर लो हम तो वही करेंगे जो हमारा मन करें.



