रतनजोत बीज खाने से 30 से ज्यादा बीमार, दो दर्जन से ज्यादा बच्चे भी शामिल, अस्पताल में चल रहा इलाज
कार्यक्रम के दौरान खाया रतनजोत के बीज

धमतरी : धमतरी में दो दर्जन से ज्यादा बच्चों को उल्टी दस्त की शिकायत हुई.बच्चों की तबीयत बिगड़ती देख तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.जानकारी के मुताबिक बच्चों ने रतनबीज का सेवन किया था,इसके बाद सभी की तबीयत खराब होने लगी.
ये पूरा मामला भखारा थाना क्षेत्र के बोरझरा गांव का है जहां रामायण कार्यक्रम के दौरान 30 से ज्यादा लोगों ने रतनजोत बीज का सेवन कर लिया. आनन फानन में सभी को भखारा क्षेत्र के कोर्रा गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. यहां से प्राथमिक उपचार कर बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया है.
बोरझरा के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रामायण का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान किसी फल को लाकर फोड़कर बच्चे खा रहे थे.कुछ देर बाद एक-एक करके बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी.
अचानक बच्चे उल्टी करने लगे. ग्रामीण समझ रहे थे कि भंडारा में खाना खाने के बाद यह सब हो रहा होगा. तबीयत बिगड़ी होगी. जब बच्चों से पूछताछ की गई तब जानकारी मिली कि बच्चों ने रतनजोत खाया है. इसके बाद सभी को पास के कोर्रा गांव में उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया-भीषण साहू, परिजन
गांव में कई लोगों ने रतनजोत का बीज खाया है. जिसमें बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी हैं. करीब 30 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी है. फिलहाल बच्चों की तबीयत इलाज के बाद बेहतर है. सभी बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है- यामिनी साहू, परिजन
जिला अस्पताल के डॉ अखिलेश देवांगन ने बताया कि बोरझरा गांव से करीब 10 बच्चों को जिला अस्पताल लाया गया है.
डॉक्टरों की देखरेख में सभी का उपचार किया जा रहा है सभी बच्चों की स्थिति अभी सामान्य है- डॉ अखिलेश देवांगन,जिला अस्पताल
रतनजोत बीज क्या है: रतनजोत खेतों के आस-पास उगने वाला एक पौधा है. इससे जो बीज गिरते हैं, वह हुबहू किसी फल की तरह नजर आते हैं. ऐसे में बच्चे इन्हें फल समझने की भूलवश खा लेते हैं. यह रतनजोत के बीज खाने में भी स्वादिष्ट होते हैं, ऐसे में बच्चे एक के बाद एक खाते ही जाते हैं. रतनजोत का यह पौधा किसी भी सुखे क्षेत्र में उग जाता है. इसे वन-रेड के नाम से भी जाना जाता है. इसका वैज्ञानिक नाम जेट्रोफा करकस है. यह उष्णकटीबंधीय, सदाबहार ,मुलायम काष्ठ वाला झाड़ीनुमा पौधा है.



