पूर्व सरपंच व ग्रामीण पहुंचे एसपी कार्यालय, महिला सरपंच पर लगाएं कई गंभीर आरोप

कवर्धा: पंडरिया विकासखंड के ग्राम तोरला नवापारा में महिला सरपंच से जुड़े मारपीट मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. मामले को लेकर गांव के दूसरे पक्ष के कई ग्रामीण बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और महिला सरपंच व उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.
ग्रामीणों और पूर्व सरपंच का आरोप
तोरला नवापारा के ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की राशि वर्तमान सरपंच द्वारा जारी नहीं की जा रही है.ग्रामीणों के मुताबिक महिला सरपंच और उनके पति गांव के लोगों को बार-बार एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब 15 लाख रुपए के गबन का आरोप लगाकर पूर्व सरपंच और उनके समर्थकों के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गई.
गांव में खर्च किया पैसा वापस ना देना पड़े करके सरपंच मारपीट का आरोप लगा रही है. सरपंच के राशन कार्ड में ओबीसी लिखा हुआ है. हमें झूठे केस में पहुंचाया जा रहा है. हमें न्याय चाहिए -रघुनंदन, ग्रामीण
आदिवासी धाराओं के तहत गांव के लोगों को फंसाया जा रहा है. हमारे घर में घुसकर मारपीट की और हमपर ही केस दर्ज कर दिए. पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों का पैसा भी नहीं दे रहे हैं -राजेश्वरी चंद्राकर ग्रामीण महिला
गांव में तनाव और विवाद की स्थिति
वही सरपंच के मारपीट के आरोप पर ग्रामीणों ने बताया कि विवाद के दौरान पहले सरपंच पक्ष की ओर से हाथापाई की गई, जिसके बाद गांव के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को शांत कराने की कोशिश की.
ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में दिया आवेदन
एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और महिला सरपंच व उनके पति के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप करने की भी अपील की है. इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और सभी पक्षों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है.



