छत्तीसगढ़

PMGSY के तहत बटराली–होनहेड़ सड़क का निर्माण

12.50 किमी पक्की सड़क का निर्माण शुरू, बदलेगी केशकाल की तस्वीर

कोंडागांव: जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है. केशकाल विकासखंड में बटराली से होनहेड़ तक 12.50 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया जा रहा है. इस सड़क पर लगभग 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत आएगी. सड़क बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी.

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
नई सड़क के बन जाने से आसपास के गांवों के लोगों को स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना आसान हो जाएगा. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. साथ ही केशकाल का सीधा जुड़ाव आमाबेड़ा और कांकेर क्षेत्र से हो जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है.

उच्च गुणवत्ता से हो रहा निर्माण कार्य
PMGSY के कार्यपालन अभियंता बलराम सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया जा रहा है. विभाग द्वारा निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक सुरक्षित और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके. उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि अंतिम छोर तक बसे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

ग्रामीणों में दिखा उत्साह
सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से उनकी रोजमर्रा की समस्याएं कम होंगी और बच्चों की पढ़ाई तथा बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाने में आसानी होगी.

पर्यटन की अपार संभावनाएं
होनहेड़ क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां स्थित विशाल जलप्रपात के अलावा आसपास कई आकर्षक जलप्रपात, पौराणिक, दार्शनिक और पुरातात्विक स्थल मौजूद हैं. सड़क बनने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिलेंगे.

नक्सल प्रभावित क्षेत्र से विकास की ओर
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में होनहेड़ से मातेंगा तक सड़क निर्माण के दौरान नक्सली गतिविधियों के कारण कई वाहनों को नुकसान पहुंचा था. कभी अति संवेदनशील और नक्सल प्रभावित रहा यह इलाका अब नक्सल मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है. शासन-प्रशासन के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है, जो समग्र विकास की मजबूत नींव बनेगा.

Related Articles

Back to top button