PDI रैंकिंग में धमतरी की बड़ी उपलब्धि : 94.4 अंक के साथ मंदरौद पंचायत ने रचा नया कीर्तिमान, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
जिले की अन्य पंचायतों ने भी कई थीम में A+ ग्रेड पाई।

कुरुद। छत्तीसगढ़ के पंचायत विकास सूचकांक (PDI) में धमतरी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। कुरूद विकासखंड की मंदरौद ग्राम पंचायत ने गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन थीम में 94.4 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि ग्रामीण स्तर पर प्रभावी योजनाओं, पारदर्शिता और जनभागीदारी का परिणाम मानी जा रही है।
मंदरौद पंचायत ने बनाई प्रदेश में नंबर-1 पहचान
गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन (थीम-1) में 94.4 अंक हासिल कर मंदरौद ग्राम पंचायत ने पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। पंचायत में चल रही आजीविका संवर्धन गतिविधियों, महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका और ग्रामीण आजीविका मिशन के योजनाबद्ध क्रियान्वयन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
धमतरी की अन्य पंचायतों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
जिले की कई पंचायतों ने स्वस्थ पंचायत, जल संपन्न पंचायत और स्वच्छ एवं हरित पंचायत जैसे अन्य थीम में A+ और A ग्रेड प्राप्त किए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि धमतरी में ग्रामीण विकास कार्य योजनाबद्ध रूप से लागू हो रहे हैं और शासन की प्राथमिकताएं तेजी से जमीनी स्तर पर पहुंच रही हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने मंदरौद पंचायत की सफलता को पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।राज्य समाचार पैकेज
जनभागीदारी की जीत- विधायक अजय चंद्राकर
कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने जिले की सभी उत्कृष्ट पंचायतों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पंचायत प्रतिनिधियों, अमले और ग्रामीणों की मेहनत व तालमेल का नतीजा है।
पारदर्शिता ही बताया सफलता की कुंजी- कलेक्टर मिश्रा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि निष्ठा, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही जिले ने यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने भविष्य में भी ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।



