राष्ट्रीय

केदारनाथ पहुंचे गौतम अदाणी, 40वीं सालगिरह पर पत्नी संग किए बाबा केदार के दर्शन

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी प्रीति अदाणी संग केदारनाथ धाम पहुंचे। दोनों ने अपनी शादी की 40वीं वर्षगांठ के मौके पर बाबा केदार के दर्शन किए और मंदिर में जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसकी कुछ तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल X (एक्स) पर शेयर की है। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने खास कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी को उनकी सफलता का आधार बताया।

एक्स पर शेयर किए खास फोटो
गौतम अदाणी ने X पर फोटो शेयर कर लिखा- आज का दिन मेरे लिए विशेष है, एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर मेरे विवाह की 40वीं वर्षगांठ। इस पावन अवसर की शुरुआत मैंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की।

चार दशकों की इस यात्रा में, प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है, इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूँ।

अदाणी समूह के चेयरमैन ने आगे लिखा- हमने महादेव से प्रार्थना की कि वह हमारे देश को निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें, और हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा दें।

वर्ल्ड लेबर डे पर गौतम अदाणी की नई पहल
दूसरी ओर वर्ल्ड लेबर डे पर गौतम अदाणी ने अपनी नई पहल ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ का भी ऐलान किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा- आज, विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर, मैं अदाणी परिवार के अपने 4 लाख से अधिक साथियों से जुड़ने के लिए एक नई पहल, ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ की शुरुआत कर रहा हूं।

उन्होंने आगे लिखा- मेरा दृढ़ विश्वास है कि जब अदाणी परिवार के लाखों सदस्य एक-दूसरे के सहयोगी बनकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ेंगे, तब हम सिर्फ परियोजनाएँ ही नहीं बनाएँगे, बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अपना विनम्र योगदान भी दे सकेंगे।

Related Articles

Back to top button