छत्तीसगढ़

कांग्रेस ने पार्षद को पार्टी से किया निलंबित

50 लाख और कार चोरी के मामले में आया बीरगांव के पार्षद ओमप्रकाश साहू का नाम

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बीरगांव नगर निगम के पार्षद ओमप्रकाश साहू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 50 लाख रुपए के चर्चित मामले में नाम सामने आने और गिरफ्तारी के बाद की गई है।

जानकारी के अनुसार, खम्हारडीह थाना क्षेत्र में कारोबारी के ड्राइवर कृष्णा साहू द्वारा 50 लाख रुपए कैश और कार लेकर फरार होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर, उसके रिश्तेदारों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पार्षद ओमप्रकाश साहू और दुर्ग जिले के नंदनी के सरपंच भी शामिल हैं। पूरी घटना 25 अप्रैल की बताई जा रही है, जब ड्राइवर बैंक में पैसे जमा करने के बहाने अपने मालिक के अकाउंटेंट को गुटखा लेने भेजकर कार और कैश लेकर फरार हो गया।

पार्षद पर गंभीर आरोप, पुलिस से बचाने का झांसा
जांच में सामने आया कि आरोपी ड्राइवर के जीजा ने रकम पार्षद ओमप्रकाश साहू को सौंप दी थी। आरोप है कि पार्षद ने पुलिस से बचाने का झांसा देकर रकम अपने पास रख ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने 15 लाख रुपए की फोटो खींचकर पुलिस को भेजी, जबकि शेष 20 लाख रुपए छिपाकर रख लिए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। बाद में पुलिस जांच में इस पूरे खेल का खुलासा हुआ और छिपाई गई रकम भी बरामद कर ली गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लिया त्वरित निर्णय
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। पार्टी ने स्पष्ट किया कि संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्षद की गिरफ्तारी और निलंबन के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button