छत्तीसगढ़

जल जीवन मिशन बना नल बिना जल योजना, टंकी निर्माण के 3 साल बाद भी कोरिया के कई गांवों में नहीं पहुंची पानी की बूंद

साल 2022 में पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और हर घर में नल लगाने का काम पूरा हो गया था.

कोरिया: ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना कोरिया जिले के कंचनपुर ग्राम पंचायत में कागजों तक सिमट कर रह गई है. योजना के तहत साल 2022 में गांव में पानी की टंकी का निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और हर घर में नल लगाने का काम पूरा कर लिया गया, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया.

नल लगे टंकी बनी पर पानी नहीं
गांव में पानी की टंकी आज भी सूनी खड़ी है. पाइपलाइन बिछा दी गई है, लेकिन न तो टेस्टिंग हुई और न ही जलापूर्ति शुरू की गई. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कोई स्थायी जलस्रोत या डैम नहीं बनेगा, तब तक यह योजना सिर्फ दिखावा बनी रहेगी.

महिलाएं और बच्चे पानी के लिए भटकने को मजबूर
गांव में आज भी महिलाएं और बच्चे कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं. गर्मी के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. गांव में पानी टंकी निर्माण, पाइप लाइन और नल लगने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि उन्हें कुएं का पानी नहीं पीना पड़ेगा, पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ. हालात जस के तस बने हुए हैं.

तीन चार साल हो गए, नल लगा है लेकिन आज तक पानी की एक बूंद नहीं आई. कोई अधिकारी देखने तक नहीं आता- कमलेश सिंह, स्थानीय ग्रामीण बुजुर्ग

नल की टोंटी लगे तीन साल से ज़्यादा हो गए, लेकिन पानी कभी नहीं आया. आज भी कुएं का ही पानी पीना पड़ता है-रामकली

पाइपलाइन डाल दी गई, टंकी बना दी गई, लेकिन पानी कहां से आएगा, ये किसी ने नहीं सोचा- राजू, ग्रामीण युवक

अधिकारियों के दावे
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के खंड अभियंता आकाश पोद्दार ने बताया कि संबंधित गांवों में पेयजल व्यवस्था के लिए जो काम होने थे, विभागीय आंकलन में कुछ निविदाएं फर्जी प्रमाण पत्रों के कारण निरस्त हुईं, जिससे कार्य में देरी हुई. उपयुक्त जलस्रोत मिलने पर वैकल्पिक व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी. प्रदेश में मजदूरों की कमी के कारण टंकी निर्माण में भी देरी हुई है. ठेकेदार को काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

 

Related Articles

Back to top button