छत्तीसगढ़

ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी,  जनपद पंचायत बेरला का किया निरीक्षण

बेमेतरा । जिला पंचायत बेमेतरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर ने आज जनपद पंचायत बेरला का दौरा कर मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वयं सहायता समूहों से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पद्माकर ने ग्राम पंचायत पतोरा एवं सरदा में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन, वृक्षारोपण तथा जल संचयन कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्य न केवल रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता की स्थिति एवं शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की और स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों से मुलाकात कर उन्होंने आवास निर्माण की गुणवत्ता एवं समय पर पूर्णता पर संतोष व्यक्त किया।

स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

निरीक्षण के दौरान पद्माकर ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल गांवों का समग्र विकास हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों का जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बेरला की नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीप्ति मांडवी, जिला समन्वयक शत्रुघन निषाद, जिला समन्वयक विष्णु साहू, कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कश्यप, विकासखंड समन्वयक आवास वर्षा शर्मा, मनीषा चिलक सहित सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button