छत्तीसगढ़

बलरामपुर में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर: मंत्री नेताम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

मंत्री रामविचार नेताम ने रेल मंत्री से कहा कि बलरामपुर में रिजर्वेशन काउंटर मिलने से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

बलरामपुर: कैबिनेट मंत्री और रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने बलरामपुर रामानुजगंज जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग को दिल्ली में उठाया है. मंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में मुलाकात की.
छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री और रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने मांग पत्र सौंपकर बलरामपुर जिला मुख्यालय में शीघ्र रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू कराने की मांग की. मंत्री रामविचार नेताम की मांग पर केन्द्रीय रेल मंत्री ने सहमति जताते हुए जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया.

हजारों यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मंत्री नेताम ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से आम लोगों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित हजारों यात्रियों को टिकट आरक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है. इससे समय और धन दोनों बर्बाद होता है. साथ ही आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

लंबे समय से रिजर्वेशन काउंटर की मांग
कैबिनेट मंत्री नेताम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने की मांग लगातार की जा रही है. जनसंख्या, बढ़ती यात्रा आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विकास को देखते हुए अब यह सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक हो गया है.

मंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोले जाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, इससे जिले के हजारों यात्रियों को बेहतर रेलवे सेवाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें आरक्षण के लिए दूर-दराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी.

Related Articles

Back to top button