धूमधाम से मनाया गया श्री सीताराम विवाह महोत्सव

रायपुर.
धर्म एवं आध्यात्म की पावन धरा शिवरीनारायण नगर में श्री सीताराम विवाह महोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। श्री शिवरीनारायण मठ से शाम 4:30 बजे बारात नगर भ्रमण के लिए निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग सम्मिलित हुए। दूर-दूर से आए हुए संत, महात्मा, साध्वी गण काफी संख्या में उपस्थित हैं। नगर वासीजगह-जगह पर अपने-अपने प्रतिष्ठान के सामने भगवान के बरतियों का जोरदार स्वागत कर रहे हैं। केला, सेव, बूंदी, मिठाई, जलेबी, ड्राई फ्रूट, साल, वस्त्र आदि लोगों ने बारातियों पर न्योछावर किया जा रहा है। अनेक स्थानों पर आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया, लोगों ने अपने दरवाजे पर दीपक प्रज्वलित कियाहै, माताएं हाथ में पूजा की थाल, पुष्प माला, नारियल लेकर स्वागत करती हुई नजर आई! शिवरीनारायण नगर में सीताराम विवाह महोत्सव लगभग 50 वर्षों से आयोजित हो रहा है। विगत 20-22 वर्षों से इसका विस्तार हुआ है। महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज एवं अयोध्या से पधारे हुए स्वामी मधुसूदन आचार्य जी महाराज ने लोगों को सीताराम विवाह महोत्सव की शुभकामनाओं सहित बधाई दी है। समाचार लिखे जाने तक विवाह महोत्सव जारी है।



