नेशनल म्यूथाई चैंपियनशिप: तीसरे दिन छत्तीसगढ़ ने जीता 5 मेडल
आज चैंपियनशिप के आखिरी दिन पदकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है.



रायपुर: म्यूथाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (MAUK) के द्वारा 7वीं UMAI राष्ट्रीय यूथ म्यूथाई चैंपियनशिप का आयोजन 1 से 4 जून 2026 तक उत्तराखंड में किया गया. हल्द्वानी के इन्दिरा गांधी इंडोर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में हुए म्यूथाई चैंपियनशिप के तीसरे दिन छत्तीसगढ़ ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रांज मेडल मिलाकर 5 मेडल हासिल किया.
प्रतियोगिता के पहले दिन 1 जून को आगंतुकों का पंजीयन, खिलाड़ियों का मेडिकल हुआ. दूसरे दिन 2 जून को खिलाड़ियों का वजन, टाईशीट बनाने के अलावा उदघाटन समारोह हुआ. जिसमें कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा सहाय मौजूद रही. कार्यक्रम की अध्यक्षता UMAI के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने की. विशेष अतिथि के रूप में उत्तराखंड स्पोर्ट्स कॉउंसिल (उत्तराखंड सरकार) के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बटोला, UMAI महासचिव श्रीराम चौधरी रहे.
उदघाटन समारोह में छत्तीसगढ़ म्यूथाई संघ के महासचिव अनीस मेमन ने प्रभावी मंच संचालन किया. उदघाटन समारोह में जानकारी दी गई कि म्यूथाई खेल को आगामी राष्ट्रीय खेल 2027 मेघालय में शामिल किए जाना प्रस्तावित है. जिससे म्यूथाई खिलाड़ियों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला. इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 26 राज्यों और 5 केन्द्र शासित प्रदेश के लगभग 900 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
2 जून से प्री क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले शुरू हुए. 3 जून को सब जूनियर वर्ग के मुकाबले हुए, जिसमे बालोद जिले के दल्लीराजहरा की तनुश्री मीणा ने फाइनल में गोवा के खिलाड़ी को परास्त कर स्वर्ण पदक जीता और छत्तीसगढ़ को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया. बुधवार देर रात बस्तर जिले के जगदलपुर के युवराज सिंह ने -86kg वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ के पदकों का खाता खोला था. वहीं रायपुर की खिलाड़ी बलजीत कौर और दल्लीराजहरा की सिद्धि निर्मलकर फाइनल में परास्त होने के बाद रजत पदक जीता. दल्लीराजहरा की ट्विंकल सेमीफाइनल में परास्त होकर काँस्य पदक जीती. छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने पदकों की संख्या 5 तक पहुंचाई.
छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में परास्त होकर पदक की दौड़ से बाहर हो गए. अन्य सभी खिलाड़ी प्री क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल या सेमी फाइनल में है. बुधवार की देर रात और 4 जून को चैंपियनशिप के अन्तिम दिन छग के पदकों की संख्या बढ़ने की संभावना है.
पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी
01 युवराज सिंह – स्वर्ण (U18 yrs, -86kg)
02 तनुश्री मीणा – स्वर्ण (U14yrs, -34kg)
03 बलजीत कौर – रजत (U14yrs, -44kg)
04 सिद्धि निर्मलकर – रजत (U14yrs, -50kg)
05)ट्विंकल – काँस्य (U12yrs, -32kg)


