
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में गठित “Illegal Mining Task Force” ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने थाना जांजगीर क्षेत्र अंतर्गत भादा रेत घाट में दबिश देकर अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को सीलबंद कराया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 28 मई 2026 को सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में “Illegal Mining Task Force” की टीम ने भादा रेत घाट क्षेत्र में रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर चैन माउंटेन मशीन से अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जाना पाया गया। इसके बाद जिला खनिज विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर मशीन को सीलबंद किया गया।
पुलिस एवं खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में गठित “Illegal Mining Task Force” द्वारा अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



