छत्तीसगढ़

अंबिकापुर नगर निगम के निर्माण कार्य में बाल मजदूरी

मेयर मंजूषा भगत ने कहा इंजीनियर को भेजेंगे नोटिस

सरगुजा: अंबिकापुर नगर निगम पर बाल श्रम करवाने का आरोप लगा है. निगम के निर्माण कार्य का एक वीडियो सामने आया है जहां एक नाबालिग बच्ची कंस्ट्रक्शन साइट पर सिर पर कंक्रीट ढोते दिख रही है. इस दौरान वहां कई मजदूर और ठेकेदार भी नजर आए.

नाबालिग बच्ची की मां ने बताया कि उसका एक छोटा बच्चा है. जिसे दूध पिलाना पड़ता है. इस दौरान काम बंद ना हो इसलिए वह अपनी नाबालिग बच्ची को काम पर लगाती है.

सामाजिक कार्यकर्ता का निगम पर आरोप
बाल श्रम का मामला सामने आने के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं और बाल अधिकारों के संरक्षण के जानकार ने इस घटना की निंदा की है. सामजिक कार्यकर्ता एएन पाण्डेय ने आरोप लगाया कि अंबिकापुर नगर निगम के लिए नियम कानून कुछ भी मायने नहीं रखता. यहां माफिया लोगों का राज है और निगम के अधिकारी कर्मचारी माफिया के बंधुआ मजदूर हैं. उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण अधिनियम के अननुसार बच्चों से काम करवाना बहुत बड़ा अपराध है.

विक्रांत जायसवाल नाम के ठेकेदार के पास 8 से 10 साल के बच्चे काम कर रहे हैं. इनमें मानवता नाम का चीज नहीं है. लेकिन निगम ऐसे ही ठेकेदारों से काम करवा रहा है. ऐसे ठेकेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए. ऐसे कई ठेकेदार निगम में काम कर रहे हैं -ए एन पाण्डेय, सामजिक कार्यकर्ता

बाल श्रम पर 6 महीने से 3 साल तक की सजा
बाल अधिकारों के संरक्षण की जानकार मीरा शुक्ला कहती हैं कि 14 साल से कम उम्र के बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है. यह दंडनीय अपराध है. यदि बच्चों से काम करवाया जाता है तो ऐसे ठेकेदार को सजा हो सकती है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कम से कम 6 महीने से तीन साल तक की सजा और 20 हजार से 50 हजार तक का जुर्माना भी लग सकता है.

यदि कहीं बाल श्रम होते हुए देखे तो तुरंत चाइल्ड लाइन 1098 पर फोन करें. चाइल्ड लाइन की टीम उन्हें बाल न्यायालय में पेश करती है. जहां से बच्चों को सही जगह पर रिस्टोर किया जाता है. बच्चों को पढ़ने दिया जाए, उनको अच्छी शिक्षा दिया जाए- मीरा शुक्ला, बाल अधिकारों के संरक्षण की जानकार

मेयर ने कहा- इंजीनियर पर होगी कार्रवाई
नगर निगम पर लगे आरोपों पर मेयर मंजूषा भगत ने मीडिया के जरिए बाल श्रम की जानकारी लगने की बात कही. उन्होंने माना कि छोटे बच्चों से काम कराना नियम के विरुद्ध है. यह कानूनी अपराध है. मेयर ने इस मामले में कार्रवाई की भी बात कही. मेयर ने कहा इस मामले में संबंधित इंजीनियर को नोटिस दिया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी. हालांकि उन्होंने बच्चों से काम करवाने वाले ठेकेदार पर किसी तरह का एक्शन लेने का जिक्र नहीं किया.

 

Related Articles

Back to top button